द फॉलोअप डेस्क
30 नवंबर को झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) स्टेडियम धुर्वा में होनेवाले क्रिकेट मैच को लेकर आज जेएससीए पदाधिकारियों और रांची जिले के पुलिस प्रशासन के बीच बैठक हुई। 30 नवंबर को इस स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वन डे क्रिकेट मैच होना है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्रिकेट मैच के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करना था। बैठक में जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपायुक्त राँची मंजुनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राँची राकेश रंजन, जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडे, सचिव सौरभ तिवारी, सह सचिव शहबाज नदीम, कोषाध्यक्ष अमिताव घोष, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात राँची राकेश सिंह, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राजेश्वर नाथ आलोक, डीएसपी हटिया प्रमोद कुमार मिश्रा, जेएससीए के आजीवन सदस्य राजीव कुमार सिंह, विनय बिहारी कर्ण, किशोर चन्द्रा सहित जेएससीए और जिला प्रशासन के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में क्रिकेट मैच के दौरान अपेक्षित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर क्रमवार चर्चा की गई। जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना की और कहा कि समन्वित प्रयास आयोजन की सफलता की कुंजी हैं। सचिव सौरभ तिवारी ने स्टेडियम की तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी साझा करते हुए बताया कि जेएससीए इस आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने कहा इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन के लिए जिला प्रशासन जेएससीए को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि यह आयोजन राँची में भव्य और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
