logo

झामुमो कांग्रेस राजद का दलित विरोधी चेहरा फिर आया सामने, बैधनाथ राम के मंत्री न बनाये जाने पर बोले अमर बाउरी

bjp25.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 
चंपाई कैबिनेट के विस्तार के बाद जहां कांग्रेस खेमे में नाराजगी देखने को मिल रही है, वहीं बीजेपी ने भी मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज कसा है। झारखंड बीजेपी के नेताप्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने बेधरम राम को मंत्री न बनाये जाने पर इसे दलितों का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि झामुमो, कांग्रेस, राजद का दलित विरोधी चेहरा फिर से एक बार सबके सामने आ गया है। झारखंड के दलित वर्ग सिर्फ उनकी पार्टी का झंडा और डंडा ढोने लायक है ना कि सत्ता में हिस्सेदारी व भागीदारी के लायक है। एक बार फिर मंत्री परिषद में अनुसूचित जाति समाज का प्रतिनिधित्व शून्य रहेगा। उन्होंने कहा कि ठगबंधन वाली सरकार को लोकसभा एवं विधानसभा के चुनाव में जनता करारा जवाब देगी।

राज्य के 50 लाख की आबादी वाले अनुसूचित जाति को ठगा गया 
अमर बाउरी ने कहा कि राज्य की विडंबना है कि शपथ ग्रहण के ठीक पहले बैद्यनाथ राम जी का नाम आखिरी समय में काटा गया। जबकि बैद्यनाथ राम का नाम राजभवन को भेजी गयी सूची में शामिल था। झारखंड के 50 लाख की आबादी वाले अनुसूचित जाति समाज को ठगबंधन सरकार के द्वारा एक और ठगी-धोखा का सामना करना पड़ा है। उक्त बातें नेता प्रतिपक्ष, झारखण्ड विधानसभा अमर कुमार बाउरी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कही।

आखिरी वक्त में सूची से नाम हटाया गया 
बता दें कि राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। जिसमें डॉ रामेश्वर उरांव, दीपक बिरुआ, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, मिथिलेश ठाकुर, बसंत सोरेन, हफीजुल हसन और बेबी देवी शामिल रहीं। शपथ ग्रहण के बाद सभी मंत्रियों को विभाग बांट दिया गया। इसके आलावा 12वें मंत्री पद को लेकर माना जा रहा था कि इस बार झारखंड को 12वां मंत्री मिल जायेगा। ऐसी कैटेगरी से आने वाले बैधनाथ राम 12वें मंत्री की रेस में शामिल थे, लेकिन आखिरी वक्त पर बैधनाथ राम का नाम मंत्री पद के सूची से हटा दिया था।