logo

SIR-2026 : झारखंड में समय सीमा फिर बढ़ी, 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

झारखंड में समय सीमा फिर बढ़ी, 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

द फॉलोअप डेस्क: 

SIR 2026: झारखंड (Jharkhand) में मतदाता सूची (Voter List) के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत राज्य में पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी करने की समयसीमा एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अब दावे और आपत्तियों के निपटारे के लिए 15 दिसंबर 2026 तक का समय मिलेगा। वहीं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 30 नवंबर की जगह 22 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। आयोग ने 17 नवंबर को इस संबंध में पत्र जारी कर सभी संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम भेजा है।

दावे और आपत्तियों के निपटारे की बढ़ी समयसीमा

निर्वाचन आयोग के नए कार्यक्रम के अनुसार, झारखंड में मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 15 दिसंबर तक पूरी करनी होगी। इसके बाद 22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। समयसीमा बढ़ने से पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों को आवेदनों की जांच और उनके निपटारे के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। इससे मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया के लिए संशोधित समय-सारिणी लागू होगी।

ASDD श्रेणी के मतदाताओं के लिए भी तय हुआ कार्यक्रम

आयोग ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट (ASDD) श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं के लिए भी अलग समय-सारिणी निर्धारित की है। इसके तहत 18 नवंबर तक एन्यूमरेशन फॉर्म तैयार और प्रिंट किए जाएंगे। 18 से 30 नवंबर तक इन फॉर्म का वितरण और संग्रह किया जाएगा। वहीं, प्राप्त फॉर्म के निपटारे के लिए 10 दिसंबर तक की समयसीमा तय की गई है। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और राजनीतिक दलों को भी इसकी जानकारी देने का निर्देश दिया है।
 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News Jharkhand SIR 2026 Jharkhand Voter List Revision