logo

झारखंड में स्वास्थ्य विभाग के अनुबंध कर्मियों का भी होगा बीमा

झारखंड में स्वास्थ्य विभाग के अनुबंध कर्मियों का भी होगा बीमा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड के स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत हजारों अनुबंधकर्मियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार अब इन कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ देने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार इस प्रस्ताव को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्वीकृति दे दी है। अब वित्त, विधि और कार्मिक विभाग से अनुमति मिलने के बाद इसे कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। कैबिनेट से स्वीकृति मिलते ही योजना लागू कर दी जाएगी। इस योजना से एनएचएम के लगभग 16 हजार अनुबंधकर्मियों के अलावा झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी सहित स्वास्थ्य विभाग के कुल लगभग 22 हजार अनुबंधित कर्मियों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।


सामान्य बीमारी में पांच और गंभीर बीमारी में 10 लाख तक कैशलेस इलाज
योजना के तहत कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए पांच लाख रुपये और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 10 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। इसके लिए छह हजार रुपये का वार्षिक प्रीमियम निर्धारित किया गया है। अनुबंधित कर्मियों के लिए बीमा सुविधा उपलब्ध कराने को सालाना लगभग 3,500 रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि शेष 2,500 रुपये का भुगतान संबंधित कर्मियों को स्वयं करना होगा। इस योजना को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों को बीमा सुरक्षा के दायरे में लाने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय है कि 'हिन्दुस्तान' अखबार ने 18 अक्टूबर के अंक में स्वास्थ्य बीमा का लाभ पहुंचाने से संबंधित खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।

Tags - Jharkhand News Health Insurance Contractual Employees NHM Jharkhand Irfan Ansari