द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड (Jharkhand) राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पखवाड़ा-2026 ( Pakhwada 2026) के तहत 21 नवंबर को राँची जिले के विभिन्न पंचायतों एवं प्रखंडों में स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, आवास और कृषि विकास से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए। पंचायत स्तर पर स्वच्छता अभियान एवं शपथ कार्यक्रम के साथ बाल सभाओं में निबंध, भाषण, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के तहत विभिन्न पंचायतों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, बुढ़मू प्रखंड के बाड़े पंचायत में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध संकल्प लिया गया। हुंडरू जलप्रपात में स्वच्छता पखवाड़ा, जबकि राहे एवं नगड़ी प्रखंड में रबी कार्यशाला और खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया।

JSLPS की पहल से आजीविका और पशुपालन को बढ़ावा
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), राँची द्वारा ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तीकरण, कृषि एवं पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत सोनाहातू प्रखंड की हारिण पंचायत स्थित स्वयं सहायता समूह और सोनाहातू फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को ट्रैक्टर प्रदान किया गया। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों को स्वरोजगार के लिए कुल ₹4.40 लाख की राशि स्वीकृत की गई। पशुपालन के क्षेत्र में विभिन्न प्रखंडों में कुल 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया। वहीं, सामुदायिक निवेश निधि (CIF) के तहत विभिन्न प्रखंडों के सामुदायिक संगठनों को कुल ₹135.22 लाख की राशि वितरित की गई। इसके अतिरिक्त जिले में 109 SHG Cut-off और 54 VO Transaction शिविर आयोजित किए गए तथा 1,425 लाभार्थियों का आधार आधारित e-KYC सत्यापन पूरा किया गया।

महिला सशक्तीकरण के साथ स्वास्थ्य और रक्तदान पर जोर
महिला एवं सामुदायिक सशक्तीकरण के तहत CLF, VO और SHG के माध्यम से जेंडर समानता, पोषण, स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति को लेकर जागरूकता रैली, पोषण पखवाड़ा और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के दौरान संतुलित आहार, पोषण वाटिका एवं गर्भावस्था में देखभाल की जानकारी दी गई। इसके साथ ही झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत JSLPS (पलाश), राँची द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में रक्तदान शिविरों का आयोजन भी शुरू किया गया है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आजीविका के अवसरों को मजबूत करना तथा महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना है।