logo

ऐतिहासिक जीत के बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टीम से मिले सीएम हेमंत, मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम पर दिया जोर

CM1113.jpg

रांची
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी–2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली झारखंड क्रिकेट टीम के सदस्यों ने मुलाकात की। इस अवसर पर टीम के कप्तान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन ने पूरी टीम के साथ विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री को सांकेतिक रूप से हैंडओवर की। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और जेएससीए को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं, कप्तान ईशान किशन सहित खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के दौरान अपने अनुभव और प्रदर्शन को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट जीतकर झारखंड ने डोमेस्टिक क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह जीत पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में इस तरह की उपलब्धियां राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करती हैं। आज क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी, फुटबॉल और तीरंदाजी जैसे खेलों में भी झारखंड के खिलाड़ी देश और दुनिया में पहचान बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्य में मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेलों को मजबूती से जोड़े जाने की जरूरत है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म मिल सके। सरकार इस दिशा में हर संभव सहयोग करेगी।
उन्होंने जेएससीए से यह भी कहा कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देने के लिए विदेशों में प्रशिक्षण और मैच खेलने की व्यवस्था की दिशा में पहल होनी चाहिए। अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने से खिलाड़ियों के प्रदर्शन में और निखार आता है। साथ ही, आने वाली प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए टीम को और मजबूत बनाने का प्रयास लगातार जारी रहना चाहिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लोकप्रिय खेलों के साथ-साथ परंपरागत खेलों का भी नया दौर लौट रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन खेलों की प्रतियोगिताएं हो रही हैं, जिससे युवाओं के लिए नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए हर स्तर पर सहयोग देती रहेगी और झारखंड को खेलों की दुनिया में मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित किया जाएगा।
इस अवसर पर जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मौजूद थे।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest