logo

झारखंड को अलग राज्य शिबू सोरेन और हेमंत ने नहीं बल्कि भाजपा ने बनाया: बाबूलाल मरांडी

BABULAL9.jpg

गोमिया/रांची
संकल्प यात्रा के छठे चरण में गोमिया विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर हमला बोला। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार गांव, ग़रीब, किसान और महिला के लिये समर्पित है। उन्होंने कहा कि मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही पहला कार्य मां-बहनों के लिए शौचालय निर्माण कराने का किया। कहा कि अलग राज्य झारखंड के सपने को शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन ने नहीं बल्कि भाजपा ने पूरा किया। कांग्रेस की गोद में बैठकर जेएमएम आंदोलन करते रही। 60 वर्षों तक शासन करने वाली कांग्रेस ने झारखंडियों को ठगने का कार्य किया। 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार बनी और सन् 2000 में अलग राज्य झारखंड का सपना पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अलग राज्य बनाया है इसे संवारने का कार्य भी भाजपा ही करेगी। उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकाल, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास के कार्यकाल में विकास कार्य हुआ जबकि कांग्रेस, जेएमएम ने झारखंड को लूटने का कार्य किया है। 

झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर 

मरांडी ने कहा कि झारखंड में क़ानून व्यवस्था चौपट हो गई है। हेमंत सरकार में अपराधियों में क़ानून का डर समाप्त हो गया है। अपराध मुक्त प्रदेश बनाना है। हेमंत सरकार में जिस पुलिस को क़ानून व्यवस्था ठीक करना था वो हेमंत सरकार के इशारे पर वसूली में व्यस्त हैं। बालू गाड़ियों से वसूली में लगे हैं। जबकि दूसरे प्रदेशों में अवैध तरीक़े से बालू की ढुलाई हो रही है। उन्होंने कहा कि कोयला, बालू, पत्थर और ज़मीन की लूट मची है। कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रोज़गार नहीं तो भत्ता और नियुक्ति वर्ष की घोषणा करते रहे, किंतु नियुक्ति नदारद है। हेमंत को दलालों से फ़ुरसत नहीं है। भाजपा की सरकार बनी तो छह महीने में रिक्त पड़े पदों को भरा जायेगा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने पदाधिकारियों को कमीशनखोरी में लगा दिया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। पैसे लेकर अयोग्य व्यक्तियों का राशन कार्ड बनाया जा रहा है जबकि ग़रीब व्यक्ति भूखे मरने को मजबूर हैं। 

 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N