logo

झारखंड कैबिनेट की बैठक आज, मानसून सत्र समेत इन प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

jharkhand_mantrlai1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक होगी। सूत्रों ने मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान मानसून सत्र 28 जुलाई से 4 अगस्त के दौरान कराने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। इसके साथ ही राज्य में निर्यात नीति और फार्मास्यूटिकल नीति का प्रस्ताव बैठक में आ सकता है।  संभावना है कि आज दोपहर तक प्रस्ताव कैबिनेट के लिए भेज दिया जाए।  दोनों नीतियों पर काफी दिनों से उद्योग विभाग काम कर रहा था। अब इसे अंतिम रूप दे दिया गया है।


आवास बोर्ड के हाउसिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी संभव
झारखंड राज्य आवास बोर्ड के धुर्वा स्थित बिरसा नगर हाउसिंग कॉलोनी प्रोजेक्ट को कैबिनेट के समक्ष रखा जायेगा। कुल 89 एकड़ पर प्रस्तावित इस इंटीग्रेटेड टाउनशिप के निर्माण पर 3300 करोड़ खर्च करने की योजना है। प्रस्तावित टाउनशिप में कुल 5780 फ्लैटों का निर्माण किया जायेगा।


सड़क स्वास्थ्य संबंधी प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है
 इसके अलावा सड़क, स्वास्थ्य से संबंधित प्रस्तावों पर भी मुहर लगेगी। गौरतलब है कि झारखंड के सभी 24 जिलों में स्थित 4,335 पंचायतों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त करने की योजना है। इसके लिए 50 करोड़ रुपये की लागत खर्च की जाएगी। हेमंत सरकार ने पिछले बजट में इसका ऐलान किया था। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा।


दवा और चिकित्सा उपकरणों के उद्योगों को प्राथमिकता 
 फार्मास्यूटिकल पॉलिसी में दवा और चिकित्सा उपकरण निर्माताओं के लिए आवश्यक प्रोत्साहन प्रावधान और फार्मा पार्क में निर्माताओं के लिए भूखंड आवंटन के प्रावधानों को शामिल किया गया है। रियायती दर पर जमीन उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है। इसके अलावा कैपिटल इन्वेस्टमेंट में सब्सिडी से लेकर कई प्रकार की अन्य रियायतें दी जायेंगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N