द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में कुल 7 प्रत्याशी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। मगर आम तौर पर स्थानीय वोटरों का मानना है कि मुख्य मुकाबला पूर्व विधायक ममता देवी के पति व महागठबंधन के उम्मीदवार बजरंग महतो और सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी व NDA उम्मीदवार सुनीता चौधरी के बीच है। जाप यानि जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) भी यही मानती है। पार्टी की ओर से इस उपचुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं दिया गया। मगर पार्टी ने इस चुनाव में न्यूट्रल नहीं रहने का फैसला किया है। जाप ने इस चुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी को समर्थन देने का निर्णय लिया है। इसकी घोषण जाप के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पी नैयर ने कही है।

बजरंग महतो को वोट देने की अपील की
डॉ. पी नैयर ने कहा कि मौजूदा समीकरण की जानकारी हम लोगों ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी थी। उनका निर्देश प्राप्त हो गया है। मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार को झारखंड की जनता का जनादेश प्राप्त है। इसी जनादेश का सम्मान करते हुए हमारी पार्टी महागठबंधन के साझा उम्मीदवार बजरंग महतो को अपना समर्थन देती है। उन्होंने रामगढ़ के वोटरों से अपील किया है कि बजरंग महतो के पक्ष में अपना मतदान करें। उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं। वहीं, डॉ. नैयर ने पार्टी की ओर से हेमंत सोरेन सरकार से अपील किया है कि युवाओं के रोजगार को लेकर सरकार कोई ठोस निर्णय ले ताकि झारखंड राज्य तरक्की के रास्ते पर अग्रसर हो।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT