logo

ऋण माफी का झांसा देकर 5 आदिवासी महिलाओं से 2.10 लाख रुपये लेने का आरोप

ऋण माफी का झांसा देकर 5 आदिवासी महिलाओं से 2.10 लाख रुपये लेने का आरोप

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
ऋण दिलाने के नाम पर पांच महिलाओं को झांसा देकर उनसे 2.10 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिलाओं को 50-50 हजार रुपये का ऋण दिलाने के बाद उन्हें ऋण माफ कराने और सिलाई मशीन देने का भरोसा दिया गया। इसके बाद प्रत्येक महिला से 42 हजार रुपये ले लिए गए। अब उनसे ऋण की किस्त जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। मामला जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोहारंगी गांव का है। इस संबंध में गांव की एक महिला ने नारायणपुर थाने में लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि 28 अगस्त 2026 को जामताड़ा थाना क्षेत्र के मेझिया गांव की ममता सोरेन और फेजान नाम का व्यक्ति एक वाहन से लोहारंगी गांव पहुंचे थे। दोनों ने गांव की पांच महिलाओं को ऋण दिलाने का भरोसा दिया। इनमें शिकायतकर्ता के अलावा गांव की चार अन्य महिलाएं भी शामिल थीं। आरोप है कि दोनों ने महिलाओं को बताया कि दुर्गापूजा का विशेष ऑफर चल रहा है। इसके तहत 50 हजार रुपये का ऋण लेने पर आठ हजार रुपये की सिलाई मशीन मुफ्त मिलेगी। यदि मशीन नहीं लेती हैं ,तो आठ हजार रुपये नकद दिए जाएंगे। साथ ही यह भी कहा गया कि बाद में पूरा ऋण माफ हो जाएगा और उन्हें किस्त जमा नहीं करनी पड़ेगी।

प्रत्येक महिला से काटा 8 हजार फिर 42 भी ले लिये
शिकायत के अनुसार, 30 सितंबर को फेजान पांचों महिलाओं को जामताड़ा ले गया और स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड की शाखा में ऋण के लिए आवेदन कराया। इसके बाद प्रत्येक महिला के नाम पर 50-50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत कराया गया। आरोप है कि ऋण की राशि घर लाने के बाद ममता सोरेन और फेजान गांव पहुंचे। दोनों ने सिलाई मशीन के ऑफर के नाम पर प्रत्येक महिला से आठ हजार रुपये काटकर शेष 42 हजार रुपये भी ले लिए। इस तरह पांचों महिलाओं से कुल 2.10 लाख रुपये ले लिए गए।

किस्त जमा नहीं करने पर पुलिसिया कार्रवाई की धमकी
महिलाओं का आरोप है कि सात नवंबर को फेजान दोबारा लोहारंगी गांव पहुंचा और ऋण की किस्त जमा करने की मांग करने लगा। किस्त जमा नहीं करने पर पुलिस कार्रवाई की धमकी भी दी गई। इसके बाद महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ। शिकायतकर्ता ने आवेदन के साथ दोनों के मोबाइल नंबर और वाहन का नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। उन्होंने मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Tags - Jamtara News Loan Fraud Women Cheated Jharkhand Crime Narayanpur News