दीपक झा/ जामताड़ा
जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड में चिकन पॉक्स का प्रकोप सामने आया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रखंड के सिकदारडीह, कोरीडीह-2 और बगरूडीह गांवों में अब तक कुल 19 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

स्वास्थ्य टीम की त्वरित कार्रवाई
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. अजित कुमार दुबे अपनी टीम के साथ प्रभावित गांवों में पहुंचे और मरीजों की जांच की। सिकदारडीह में 7, कोरीडीह-2 में 5 और बगरूडीह में 7 मरीज पाए गए हैं। संक्रमण की पुष्टि के लिए सैंपल एकत्र कर जांच हेतु रांची के रिम्स भेजे गए हैं। सिकदारडीह निवासी एक मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे एंबुलेंस के जरिए जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बचाव के लिए जारी किए गए दिशा-निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। संक्रमित लोगों को अलग रहने, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और पौष्टिक आहार लेने को कहा गया है। साथ ही बुखार या दाने जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन टीम लगातार निगरानी कर रही है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।