logo

जमशेदपुर में ‘श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एवं कल्चरल चैरिटेबल सेंटर’ का भूमि पूजन, राज्यपाल ने कहा सेवा-संस्कार की नई आधारशिला

PERSIDENT22.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जमशेदपुर दौरे पर हैं, जहां वो ‘श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एवं कल्चरल चैरिटेबल सेंटर’, कदमा के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुईं। वहीं इस भूमि पूजन कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, सहित स्थानीय विधायक और सांसद भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज ‘श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एवं कल्चरल चैरिटेबल सेंटर’, कदमा, जमशेदपुर के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘लौहनगरी’ जमशेदपुर केवल उद्योगों का केंद्र नहीं, बल्कि अनुशासन, श्रम, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की परंपरा का जीवंत प्रतीक है। इस नगर की पहचान विश्वविख्यात औद्योगिक समूह टाटा ग्रुप तथा विशेष रूप से टाटा स्टील से जुड़ी है। जमशेदजी टाटा का स्वप्न केवल औद्योगिक उन्नति तक सीमित नहीं था, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा की व्यापक दृष्टि से प्रेरित था। यही कारण है कि जमशेदपुर एक आदर्श नगर के रूप में प्रतिष्ठित है, जहाँ उद्योग और मानवीय संवेदना का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। 

राज्यपाल ने कहा कि ऐसी पावन कर्मभूमि पर भगवान जगन्नाथ के नाम से आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना अत्यंत सार्थक है। ‘जगन्नाथ’ अर्थात समस्त जगत के स्वामी करुणा, समावेश और लोक-कल्याण की प्रेरणा देते हैं, साथ ही श्रद्धा और सेवा का संदेश प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की महिमा देश-विदेश में सर्वव्यापी है। रथ यात्रा की परंपरा ओडिशा और झारखण्ड सहित पूरे भारत को आध्यात्मिक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है। जगन्नाथ मंदिर, पुरी से आरंभ होने वाली विश्वविख्यात रथ यात्रा आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का प्रतीक है। झारखण्ड के राँची, जमशेदपुर सहित विभिन्न हिस्सों में भी यह पर्व श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ मनाया जाता है। आस्था सीमाओं में बंधी नहीं होती, बल्कि समाज को जोड़ने और राष्ट्र की एकता को सुदृढ़ करने का कार्य करती है।

उन्होंने आगे कहा कि इस आध्यात्मिक केंद्र की आधारशिला केवल एक भवन निर्माण का आरंभ नहीं, बल्कि सेवा, सद्भाव और संस्कारों की मूल्य-परंपरा की स्थापना है। यह केंद्र आने वाली पीढ़ियों को सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणा देगा। वहीं अंत में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विकास और विरासत, दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि  ‘श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एवं कल्चरल चैरिटेबल सेंटर’ आने वाले समय में भक्ति, संस्कृति और सेवा की त्रिवेणी बनकर समाज को नई दिशा देगा और जन-कल्याण की प्रेरणा का केंद्र बनेगा।

Tags - Droupadi Murmu Jamshedpur visit Shri Jagannath Spiritual and Cultural Charitable Center Kadma Jamshedpur Bhoomi Pujan ceremony Santosh Kumar Gangwar Hemant Soren Dharmendra Pradhan Jharkhand Governor Jharkhand Chief Minister