रांची
बिष्टुपुर थाना (Bistupur Police Station), जमशेदपुर (Jamshedpur) के गोपाल मैदान में आयोजित आदिवासी जनसंवाद कार्यक्रम के बीच घाटशिला (Ghatshila) विधानसभा सीट से विधायक रहे सूर्य सिंह बेसरा (Surya Singh Besra) पर हमले की डुमरी विधायक जयराम महतो (Jairam Mahto) ने निंदा की है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (Jharkhand Loktantrik Krantikari Morcha-JLKM) के नेता जयराम महतो ने इसे बेहद दुखद, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है।

झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ योद्धा हैं बेसरा
जयराम महतो ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा केवल एक पूर्व विधायक नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन के उन वरिष्ठ योद्धाओं में से हैं, जिन्होंने अलग झारखंड राज्य के सपने को साकार करने के लिए अपना जीवन संघर्ष में लगाया। उन्होंने कहा कि आज उम्र के इस पड़ाव पर उनके साथ इस तरह के दुर्व्यवहार और मारपीट की खबर सुनकर मन बेहद व्यथित है। राज्य में जमीन माफियाओं, कोयला माफियाओं और पार्टी के जिलाध्यक्षों को अंगरक्षक उपलब्ध करवाए गए हैं, लेकिन दुर्भाग्य है कि एक झारखंड आंदोलनकारी और पूर्व विधायक को एक अंगरक्षक तक उपलब्ध नहीं करवाया जाता है।
.jpeg)
राज्य के निर्माण में अपना जीवन संघर्ष में खपा दिया
जयराम महतो ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन्होंने झारखंड राज्य के निर्माण के लिए अपना जीवन संघर्ष में खपा दिया, आज उम्र के इस पड़ाव पर उनकी सुरक्षा की चिंता करने वाला कोई नहीं है? उन्होंने कहा कि विचारों में मतभेद हो सकते हैं और सामाजिक असहमतियां भी हो सकती हैं, लेकिन इसका मतलब यह कतई नहीं कि हम अपने बुजुर्गों का सम्मान और उनकी गरिमा भूल जाएं। जयराम महतो ने कहा कि जिन बुजुर्गों ने जीवनभर समाज और झारखंड के लिए संघर्ष किया, उनके साथ ऐसा व्यवहार किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है। इस उम्र में उन्हें सम्मान और आदर मिलना चाहिए, न कि अपमान और मारपीट। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने, दोषियों को चिह्नित करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
