logo

इरफान अंसारी ने 91 सीएचओ को नियुक्ति पत्र सौंपा, बोले- नौकरी दी है तो हिफाज़त भी करेंगे

irfaan333333333333.png

रांची

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान सभागार में आयोजित समारोह में 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “आप सबको चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन डरना मत। हमने नौकरी दी है तो आपकी हिफाज़त भी करेंगे।”
मंत्री ने कहा कि पदभार संभालने के बाद से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मज़बूत करने की दिशा में तेज़ी से काम हो रहा है। बोकारो दौरे का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब सभी जिलों के सदर अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनें लगाई जाएंगी।
कार्यक्रम में उन्होंने जोशपूर्ण अंदाज़ में कहा, “मैं जो कहता हूँ, वो करके दिखाता हूँ। स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख़्त फ़ैसले लेने पड़ेंगे, भले ही कुछ लोग विरोध करें या अफवाह फैलाएँ।”


इसके बाद उन्होंने शायरी भी सुनाई—
“यहाँ मज़बूत से मज़बूत लोहा टूट जाता है,
कई झूठे इकट्ठा हों तो सच्चा टूट जाता है।”
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में 2100 बेड का सुपर स्पेशियलिटी किडनी अस्पताल बनने जा रहा है, जिससे अब किडनी ट्रांसप्लांट या गंभीर इलाज के लिए लोगों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके अलावा मेडिको सिटी और छह नए मेडिकल कॉलेज समय पर पूरे करने का भरोसा भी दिलाया।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद झारखंड का स्वास्थ्य सूचकांक राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।
•    शिशु मृत्यु दर: राष्ट्रीय औसत 28, झारखंड 25
•    मातृत्व मृत्यु दर: राष्ट्रीय औसत 97, झारखंड 56
•    संस्थागत प्रसव: राष्ट्रीय औसत 88.6%, झारखंड 75%
इस मौके पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, झारखंड मेडिकल कॉरपोरेशन के एमडी अबु इमरान और निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएँ डॉ. सिद्धार्थ सान्याल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
डॉ. अंसारी ने साफ कहा, “झारखंड की जनता को अब इलाज के लिए दर-दर भटकना नहीं पड़ेगा। आने वाला समय झारखंड की सेहत और खुशहाली का होगा।”

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News