द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए बड़ी खबर है। जहां इनकी नियुक्ति के लिए फिर से आवेदन आमंत्रित किये जायेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्मिक विभाग को इससे जुड़े निर्देश दे दिए हैं। बता दें कि पिछले साल जून 2024 में राज्य सरकार ने मुख्य सुचना आयुक्त और 6 सुचना आयुक्तों के पद के लिए आवेदन मांगे गये थे। लेकिन अब तक इसकी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। 
इस नियुक्ति के लिए झारखंड हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने भी राज्य सरकार को कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सुचना आयोग में एक मुख्य सुचना आयुक्त और 6 सुचना आयुक्तों के पद खाली हैं। 
इसका सीधा असर ये हुआ है कि 8 मई 2020 से आयोग में अपील और शिकायतों पर सुनवाई पूरी तरह से बंद है। उस समय तक आयोग में लगभग 7,669 अपील और 71 शिकायतें लंबित थीं। आयुक्तों के पद खाली होने के बाद से अब तक आयोग में 12,000 नई अपील और 298 शिकायतें और दर्ज की जा चुकी हैं। इन सभी मामलों पर भी कोई सुनवाई नहीं हो पाई है।
कुल मिलाकर, 20,038 मामलों की सुनवाई अभी रुकी हुई है, जिससे आम लोगों को न्याय मिलने में देरी हो रही है। उम्मीद है कि नई आवेदन प्रक्रिया से ये नियुक्तियां जल्द पूरी होंगी और आयोग का काम फिर से शुरू हो पाएगा।