द फॉलोअप डेस्क
घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में करेंगे नामांकन
घाटशिला उप चुनाव के लिए इंडिया और एनडीए के प्रत्याशी कल 17 अक्तूबर को अपना अपना नामांकन करेंगे। नामांकन प्रक्रिया के लिए घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में विशेष व्यवस्था की गयी है। मालूम हो कि झामुमो ने स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन और भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को अपना प्रत्याशी बनाया है। झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के नामांकन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजद से पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, सीबीआई से महेंद्र पाठक के अलावा झामुमो के कई मंत्री, विधायक और सांसद उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री लगभग 12 बजे घाटशिला पहुंचेंगे। सर्कस मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करने के बाद सोमेश सोरेन दिन के लगभग दो बजे अपना नामांकन करेंगे।

भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ,मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल सहित प्रदेश पदाधिकारी ,सांसद विधायकगण ,प्रदेश एवं जिला के नेतागण शामिल होंगे। भाजपा प्रत्याशी दिन के लगभग 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा नामांकन दाखिल करने के बाद मउ के एआईसीसी फुटबॉल मैदान में चुनावी सभा करेगी। इसमें सांसद विद्युत वरण महतो, सरयू राय, नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्णिमा साहु व कई अन्य बड़े नेता शामिल होंगे।
