logo

झारखंड में इंडिया गठबंधन महिलाओं को नहीं दे रहा तरजीह, क्या इस बार मुराद होगी पूरी

नग्पोबोक.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 

झारखंड में बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए 13 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए हैं। इन 13 सीटों में से 3 सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया है। उधर इंडिया गठबंधन ने अब तक केवल 3 सीट पर ही प्रत्याशियों के नाम घोषित किये हैं। अब झारखंड में इंडिया गठबंधन महिलाओं को टिकट देगा या नहीं इस पर चर्चा तेज हैं। इस बार देखना यह होगा कि झारखंड में इंडिया गठबंधन महिलाओं को तरजीह देता है या नहीं या फिर उनको हाशिये पर धकेल दिया जाता है क्योंकि, पिछले लोकसभा चुनाव में भी केवल एक महिला प्रत्याशी को टिकट दिया गया था। भाजपा के तीन महिला उम्मीदवारों को टिकट दिए जाने के बाद इंडिया गठबंधन में महिलाओं की टिकट की दावेदारी को लेकर दबाव बढ़ गया है। झारखंड के राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस और झामुमो के लिए कुछ महिला विधायकों के नाम पर भी विचार किया जा रहा है। 


दीपिका पांडेय सिंह की चर्चा 
झारखंड की राजनीति में महिला नेत्रियों की भागीदारी बहुत कम देखने को मिलती है। बुधवार को भी जो लिस्ट जारी हुई उसमें 3 पुरुष हैं। महिलाओं का नाम कहीं नहीं है। ऐसे में देखना होगा कि बाकी सीटों पर महिलाओं के नाम होंगे या नहीं। गोड्डा सीट पर काफी समय से महागामा विधायक दीपिका पांडेय के नाम की चर्चा है लेकिन अब तक वस्तुस्थिति स्पष्ट नहीं है। कयास हैं कि वहां से प्रदीप यादव को टिकट मिल सकता है। उधर, यह भी चर्चा है कि धनबाद सीट से कांग्रेस विधायक अनुप सिंह की पत्नी अनुपमा सिंह को उम्मीदवार बनाया जा सकता है लेकिन, कहीं ऐसा ना हो कि यह महज चर्चा बनकर ही रह जाए। झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह का नाम भी सुर्खियों में चल रहा है। 


मंत्रिमंडल में केवल एक महिला
वैसे भी झारखंड के मंत्रिमंडल में भी महिलाओं की कमी है। इस वक्त चंपाई कैबिनेट में सिर्फ एक महिला मंत्री हैं बेबी देवी। हालांकि, यह तो आने वाला समय तय करेगा कि इस बार झारखंड में लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन महिलाओं को जगह देता है या फिर इस बार भी पुरुषों का वर्चस्व कायम रहेगा।