द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले में भतीजे को तिलक में दहेज के रूप में मिली नई बाइक से हुए सड़क हादसे में चाचा की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना शनिवार को सतगावां थाना क्षेत्र के विशनीडीह गांव के पास मरचोई सकरी नदी पर बने पुल पर हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय संटू राम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि संटू राम बेंगलुरु में होटल चलाते थे और अपने भतीजों की शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आए हुए थे। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात संटू राम के बड़े भाई के दो बेटों, सुमित और शैलेश का तिलक समारोह गांव में धूमधाम से हुआ था। तिलक में लड़की पक्ष की ओर से सुमित को बुलेट बाइक और शैलेश को अपाचे बाइक दी गई थी।

शनिवार सुबह संटू राम तिलक समारोह में शामिल पंडित और नाई को भतीजे सुमित की नई बुलेट बाइक से बासोडीह बाजार छोड़ने गए थे। दोनों को छोड़कर जब वह वापस घर लौट रहे थे, उसी दौरान मरचोई सकरी नदी पर बने पुल की रेलिंग से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है। बताया जाता है कि संटू राम के भतीजे सुमित की शादी 9 मार्च को बिहार के अंधरवारी में तय थी, जबकि दूसरे भतीजे शैलेश राजवंशी की शादी 11 मार्च को बिहार के नवादा जिले के हिसुआ में होनी थी। हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गई हैं।