गुमला:
Jharkhand News: पक्की सड़क के अभाव में एंबुलेंस गांव नहीं आई। मरीज को खटिया पर लादकर अस्पताल पहुंचाना पड़ा। वीडियो, गुमला जिले (Gumla District) के घाघरा प्रखंड अंतर्गत ताबिल गांव का है। दरअसल, मवेशी के हमले में गांव के अजय टोपनो का पैर टूट गया। ग्रामीणों ने चारपाई को रस्सियों के सहारे बांधा और उसपर अजय को लादकर करीब ढाई किमी पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचे। यहां से उन्हें वाहन का इंतजाम करके लोहरदगा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

गांव में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति
इस घटना ने गांव में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति और हुक्मरानों की संवेदनहीनता को उजागर किया है। गौरतलब है कि इलाज के बाद जब अजय को अस्पताल से छुट्टी मिली, तब भी उन्हें खटिया पर लादकर ही गांव लाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पक्की सड़क नहीं है, इसलिए एंबुलेंस समेत किसी भी प्रकार का वाहन यहां नहीं पहुंचता। आपात स्थिति में मरीजों को ऐसे ही खटिया पर लादकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। इनकी शिकायत है कि सांसद, विधायक और संबंधित अधिकारियों को कई बार अपनी समस्या बताई, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गांव तक सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी मरीज को इलाज के लिए इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।