नंदलाल तुरी/पाकु़ड़:
Jharkhand News: हासनारा बीबी अपने जिगर के टुकड़े को वापस पाने के लिए सरकारी दफ्तरों का चक्कर काट रही है। अनजारुल शेख भी परेशान हैं कि न जाने कब उन्हें उनका बेटा वापस मिलेगा। हासनारा बीबी और अनजारुल शेख की आंखों में अपनी संतान से जुदा रहने का दर्द दिखता है। दंपति अपने बेटे को गले लगाने में पल भर की भी और देरी नहीं करना चाहते, लेकिन सिस्टम प्रक्रियाओं में उलझा है। बीते 2 महीने से रोजाना सुबह दंपति उम्मीद लिए थाने और बाल कल्याण समिति के दफ्तर पहुंचते हैं और शाम को बेबसी के साथ वापस घर लौट जाते हैं। घर जहां कल तक किलकारी थी और आज केवल सन्नाटा है।

पाकुड़ के मुफस्सिल थानाक्षेत्र का है मामला
पूरा मामला पाकुड़ का है। यहां मुफस्सिल थानाक्षेत्र अंतर्गत देवीनगर पाड़ा के अनजारुल शेख और उनकी पत्नी हासनारा बीबी का बच्चा खो गया था। वापस मिल गया है, लेकिन उसे घर नहीं ला पा रहे हैं। बच्चा महज 11 महीने का है। दंपति का कहना है कि सिस्टम सबूत मांगता है और उन्होंने मुहैया भी करवाया है। मां और पिता के साथ बच्चे की तस्वीर, आधार कार्ड, सदर अस्पताल पाकुड़ का डिस्चार्ड और प्रसव सर्टिफिकेट, भवानीपुर पंचायत की मुखिया हमीदा बीबी द्वारा जारी वंशावली, पहचान पत्र और कोर्ट का शपथ पत्र भी जमा करा दिया है, लेकिन वे तब भी अपने बच्चे फिरदौस को वापस घर नहीं ले जा सके हैं। गौरतलब है कि बच्चे का जन्म 20 दिसंबर साल 2025 को हुआ था। कुछ ही दिनों में बच्चे का पहला जन्मदिन आने वाला है।

हासनारा बीबी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं!
आपके मन में सवाल होगा कि आखिरकार, फिरदौस माता-पिता से अलग कैसे हुआ। पिता अनजारुल शेख की ओर से नगर थाने में दिए गये लिखित आवेदन के मुताबिक उनकी पत्नी हासनारा बीबी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता है। 23 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे सोनाजोड़ी स्थित सदर अस्पताल के बाहर से कोई महिला उनके बेटे फिरदौस को लेकर चली गई। बकौल अनजारुल, जब उन्होंने खोजबीन शुरू की तो पता चला कि बच्चा सोनाजोड़ी के बेलडांगा की रीना देवी के पास है। अनजारुल का कहना है कि जब वे बच्चा वापस मांगने रीना के पास गए तो उसने भरण-पोषण का खर्च देने की मांग करते हुए बच्चा वापस करने से इनकार कर दिया। पिता, अनजारुल का कहना है कि उन्होंने नगर थाने में आवेदन दिया। महिला थाने में शिकायत की। बाद में पता चला कि बच्चा अब बाल कल्याण समिति के संरक्षण में है।
अनजारुल का कहना है कि तस्वीरें और तमाम जरूरी दस्तावेज मुहैया कराने के बावजूद बच्चा वापस नहीं मिलना उन्हें परेशान करता है।

बाल कल्याण समिति की ओर से क्या कहा गया!
इस संबंध में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य विनोद कुमार प्रमाणिक ने बताया कि एक दंपती को यह बच्चा मिला था, जिसे उन्होंने थाने में सुपुर्द किया था। 29 अक्टूबर 2026 को सीडब्ल्यूसी ने बच्चे को अपनी सुपुर्दगी में लेकर सुरक्षा के दृष्टिकोण से सरकारी संस्थान (विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी) में भेज दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बच्चे पर अपना दावा करने आए हैं, लेकिन बिना ठोस सत्यापन के बच्चा नहीं सौंपा जा सकता। नियमानुसार पहले बच्चे को लेकर विज्ञापन प्रकाशित कराया जाएगा और पुलिस से जांच रिपोर्ट मांगी जाएगी। पूरी कानूनी प्रक्रिया व जांच के बाद ही वास्तविक अभिभावकों को बच्चा सौंपा जाएगा।
एक ओर माता-पिता की बेबसी है तो दूसरी ओर सिस्टम में नियमों का तकाजा। शायद दोनों ही अपनी जगह सही हैं, लेकिन सवाल है कि आखिर इसमें देरी की कोई तो सीमा होगी।