गढ़वा
गढ़वा जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां नगर उंटारी फोरलेन सड़क पर शुक्रवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भयावह था कि एक बाइक के परखच्चे उड़ गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. मामले की जांच जारी है. जानकारी के अनुसार पहली दुर्घटना थाना क्षेत्र के जतपुरा गांव के समीप हुई, जबकि दूसरी घटना बभनी गांव स्थित धर्मकांटा के पास हुई. बताया जा रहा है कि बभनी गांव के पास एक बाइक पर पांच युवक सवार थे. सभी अपने दोस्त किशुन उरांव को उड़ीसा जाने के लिए ट्रेन पकड़ाने के बाद सगमा प्रखंड के कटहर गांव घूमने जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के दौरान खरौंधी थाना क्षेत्र के सरपलिया गांव निवासी रघुनाथ उरांव के 16 वर्षीय पुत्र चंदन उरांव, पारस उरांव के 17 वर्षीय पुत्र मंतोष उरांव और धनेश्वर उरांव के 22 वर्षीय पुत्र सोनू उरांव की मौत हो गई. वहीं मंगल उरांव के 20 वर्षीय पुत्र अखलेश उरांव की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
वहीं दूसरी घटना जतपुरा गांव के पास हुई, जहां ठरकीया गांव निवासी कामेश्वर विश्वकर्मा के 36 वर्षीय पुत्र राजू विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि राजू गढ़वा से काम कर लौट रहा था. इसी दौरान नींद आने से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. इस हादसे में सोनबरसा गांव निवासी उमा चंद्रवंशी के 18 वर्षीय पुत्र अतेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है. घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
.jpeg)