logo

बेटी का इंस्टाग्राम चलाना पसंद नहीं था, दंपति ने हत्या कर दी; खदान में लाश फेंक रची गुमशुदगी की फर्जी कहानी

बेटी का इंस्टाग्राम चलाना पसंद नहीं था, दंपति ने हत्या कर दी; खदान में लाश फेंक रची गुमशुदगी की फर्जी कहानी

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

पूर्वी सिंहभूम में बेटी के इंस्टाग्राम चलाने से नाराज पिता ने उसकी हत्या कर दी। हत्याकांड में मां ने पिता का साथ दिया। हत्या के बाद माता-पिता ने बेटी के शव को महीनों से बंद पड़े खदान में फेंक दिया था और फिर उसकी गुमशुदगी की झूठी कहानी गढ़ दी थी। मामला पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत कमलपुर थानाक्षेत्र की है। बीते गुरुवार को पुलिस ने 14 वर्षीय कनकलता मुर्मू की हत्या के जुर्म में उसके पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी मुर्मू को गिरफ्तार किया। 

10 नवंबर को कनकलता की हत्या की गई थी
पुलिस के मुताबिक घटना बीते 10 नवंबर की है। कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि कनकलता, गेरुवाला उत्क्रमित मध्य विद्यालय में 8वीं की छात्रा थी। वह इंस्टाग्राम पर एक्टिव थी, जिसे लेकर पिता रवींद्र मुर्मू नाराज रहते थे। वारदात वाले दिन इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान पिता रवींद्र मुर्मू ने कनकलता के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद रवींद्र मुर्मू ने पत्नी सुमानी मुर्मू के साथ बेटी के शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और रात के अंधेरे मे उसे लायाडीह स्थित महीनों से बंद पड़े पत्थर खदान के गहरे पानी में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद मुर्मू दंपति ने बेटी के लापता होने की झूठी कहानी फैला दी। दंपति ने घटना की सूचना पुलिस या ग्राम प्रधान को भी नहीं दी।

 

13 नवंबर को खदान में मिला था कनकलता का शव
13 नवंबर को लायाडीह स्थित बंद पत्थर खदान के गहरे पानी में कनकलता का शव मिला। कनकलता की मौत के विरोध में बीते 14 नवंब को ओड़िया पंचायत के ग्रामीणों ने कमलपुर थाना के समीप टाटा-काटिन मुख्य मार्ग को करीब 6 घंटे तक जाम कर दिया था। ग्रामीण, पत्थर खदान की घेराबंदी और मृतका के परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने ग्रामीणों से वार्ता की थी। मृतका के परिजनों को तत्काल 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी, जबकि आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने पर भी सहमति बनी थी। 

पुलिस को माता-पिता का व्यवहार संदिग्ध लगा था
गौरतलब है कि इस केस में पुलिस ने कनकलता के पिता रवींद्र मुर्मू के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। हालांकि, पुलिस को कनकलता के माता-पिता का व्यवहार संदिग्ध लग रहा था। पुलिस के पास उनके खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं था, इसलिए तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस ने माता-पिता पर नजर रखा और 10 दिनों तक गुपचुप  ढंग से मामले की छानबीन करती रही। इस दौरान ग्रामीणों समेत कुछ अन्य संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जब पूछताछ की गई तो माता-पिता ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने दंपति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

जिले के पुलिस अधीक्षक शुभम कुमार खंडेलवाल ने कहा कि इंस्टाग्राम चलाने से नाराज होकर माता-पिता ने नाबालिग कनकलता की हत्या की थी। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। 

Tags - East SinghbhumMurderParents Murdered DaughterCrime News