logo

बेड़ो : तेज रफ्तार ओमनी वैन ने 10 वर्षीय छात्रा को कुचला, 150 मीटर तक घसीटा; मौके पर मौत

तेज रफ्तार ओमनी वैन ने 10 वर्षीय छात्रा को कुचला, 150 मीटर तक घसीटा; मौके पर मौत

खूंटी: 
BERO NEWS:
झारखंड के बेड़ो थाना क्षेत्र के तुको-खूंटी टोली मोड़ के पास शुक्रवार की अहले सुबह सड़क हादसे में 10 वर्षीय छात्रा सुचिता उरांव की मौत हो गई। वह खूंटी टोली निवासी मनोहर उरांव की पुत्री थी। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ, जब सुचिता रोजाना की तरह गांव से पैदल कोचिंग पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान लोहरदगा की ओर से आ रही तेज रफ्तार मारुति ओमनी वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन बच्ची को करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजन सुचिता को बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कफील अहमद, एएसआई अक्षय कुमार सिंह और आशीष कुमार सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नवोदय विद्यालय में नामांकन की कर रही थी तैयारी
स्वजनों के अनुसार, सुचिता उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय खूंटी टोली, बेड़ो में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। वह पढ़ाई में काफी होनहार थी और नवोदय विद्यालय में नामांकन के लिए मेहनत से तैयारी कर रही थी। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी वह कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। बच्ची की असमय मौत से माता-पिता समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद तुको और खूंटी टोली के ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश भी है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और मोड़ के पास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जरूरी कदम उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Tags - Jharkhand NewsBero NewsKhunti NewsRanchi NewsRoad AccidentJharkhand AccidentSchool Girl DeathRoad Safety