द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand Weather Update: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को राज्य के 19 जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। चक्रवात के प्रभाव से 19 नवंबर से ही राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है।
20 नवंबर को इन 11 जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर को झारखंड के 11 जिलों में भारी बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है। इनमें लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन जिलों में चक्रवात के प्रभाव से मौसम प्रतिकूल रह सकता है।
21 नवंबर को इन 8 जिलों में अलर्ट
वहीं, 21 नवंबर को राज्य के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।
20 नवंबर की दोपहर तटों के बीच पहुंच सकता है चक्रवात
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘अकवान’ का असर 19 नवंबर से झारखंड में दिखने लगेगा। इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंचने की संभावना है। इसके चलते झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की स्थिति बन सकती है।मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, चक्रवात का असर रांची समेत मध्य और दक्षिणी झारखंड में देखने को मिलेगा। 19 नवंबर से इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। 22 नवंबर से चक्रवात का असर कमजोर पड़ने लगेगा और 24 नवंबर से मौसम सामान्य होने की संभावना है।