द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में अब स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए नया नियम लागू हो गया है। बिजली उपभोक्ताओं को अपने मीटर बैलेंस को हमेशा पॉजिटिव रखना होगा। यदि बैलेंस नेगेटिव हुआ, तो कनेक्शन स्वतः कट जाएगा। रांची एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक (GM) मनमोहन कुमार ने चेतावनी दी है कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर बिल भुगतान करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बकायेदारों का कनेक्शन अब स्वतः डिसकनेक्ट हो रहा है और पूरा बकाया जमा करने पर कनेक्शन फिर से चालू हो जाएगा। जिन उपभोक्ताओं पर अधिक बकाया है, उनके लिए किस्तों में भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। जीएम ने अपील की कि सभी उपभोक्ता यथाशीघ्र अपना बकाया जमा करें, ताकि बिजली कटने की स्थिति से बचा जा सके। मनमोहन कुमार ने बताया कि जिनका मोबाइल नंबर रजिस्टर नहीं है, वे तुरंत अपने नजदीकी बिजली कार्यालय जाकर अपडेट करें। साथ ही, नेगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं को तुरंत रिचार्ज करने की सलाह दी गई है।
उपभोक्ताओं के लिए निर्देश
1. स्मार्ट मीटर बैलेंस हमेशा पॉजिटिव रखें।
2. मोबाइल नंबर बिजली कनेक्शन से लिंक करें।
3. बकाया होने पर जल्द भुगतान करें या किस्तों का विकल्प चुनें।
4. समय पर रिचार्ज कर बिजली कटने से बचें।
5. बिल जानकारी के लिए SMS अलर्ट सक्रिय करें।