द फॉलोअप डेस्क
द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने मई 2026 में आयोजित सीए फाउंडेशन परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। देशभर के 609 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 1,06,411 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 18,124 उम्मीदवार सफल रहे। इस बार कुल सफलता प्रतिशत 20.09 रहा। रांची केंद्र से ईशा पोद्दार ने सर्वाधिक अंक हासिल कर टॉप किया। ऑल इंडिया रैंक (AIR) में नासिक की साक्षी जैन ने 400 में 371 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। चंद्रपुर के अव्यान अवस्थी अग्राणी ने 367 अंकों के साथ दूसरा और पुणे के उमेश मुलाड ने 365 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। रांची परीक्षा केंद्र से कुल 548 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 81 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। रांची केंद्र में ईशा पोद्दार ने 368 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। अमृता केसरी ने 266 अंकों के साथ दूसरा तथा सूरज अग्रवाल ने 260 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। सफल परीक्षार्थियों को रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनिश जैन, उपाध्यक्ष सीए विवेक खेतवाल, सचिव सीए दिलीप कुमार, कोषाध्यक्ष सीए हरेंद्र भारती तथा कार्यकारिणी सदस्य सीए अभिषेक बेदिया, सीए शुभ्रनेश ठाकुर और सीए निशांत मोदी ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सीए फाउंडेशन देश की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल
आईसीएआई के अध्यक्ष सीए प्रशांत कुमार ने कहा कि यह सफलता चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की यात्रा का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। सीए फाउंडेशन चार्टर्ड अकाउंटेंसी कोर्स का पहला चरण है और इसे देश की सबसे प्रतिष्ठित पेशेवर परीक्षाओं में से एक माना जाता है। इस परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों की अकाउंटिंग, बिजनेस लॉ, गणितीय एवं विश्लेषणात्मक क्षमता तथा अर्थशास्त्र से जुड़ी बुनियादी समझ का मूल्यांकन किया जाता है। परीक्षा में सफल होने के लिए प्रत्येक पेपर में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक तथा सभी पेपरों में कुल मिलाकर 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है।

जेसीईसीईबी बीएड-एमएड परीक्षा का परिणाम 6 जुलाई को
झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने बीएड-एमएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम 6 जुलाई को जारी करने की घोषणा की है। यह परीक्षा 31 मई को आयोजित हुई थी। इससे पहले 3 जून को प्रश्न पत्र की उत्तर कुंजी जारी की गई थी और 8 जून तक अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गई थीं। विषय विशेषज्ञों द्वारा आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम एवं संशोधित उत्तर कुंजी वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जिसके आधार पर परिणाम तैयार किया गया है। छोटानागपुर लॉ कॉलेज, रांची ने एलएलएम पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 17 जुलाई कर दी है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार रांची विश्वविद्यालय की एलएलबी अंतिम वर्ष और बीबीए एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी अब 17 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एलएलएम प्रवेश परीक्षा 19 जुलाई को आयोजित की जाएगी।