logo

JRG BANK : छह करोड़ के फर्जीवाड़े का आरोपी हुसैनाबाद का बैंक प्रबंधक मनोज कुमार सिंह गिरफ्तार

husainabad.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत JRG बैंक दंगवार शाखा के ब्रांच मैनेजर रहे मनोज सिंह को पुलिस ने 6.03 करोड़ फर्जीवाड़े के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी बैंक के वर्तमान शाखा प्रबंधक आशीष रंजन द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के आधार पर हुए अनुसंधान के बाद हुई। अनुसंधान के क्रम में यह तथ्य उजागर हुआ कि अभियुक्त मनोज कुमार सिंह उक्त बैंक में शाखा प्रबंधक के रूप में कार्यरत रहते हुए बैंक की विभिन्न खातों से वित्तीय अनियमितता एवं गबन की गंभीर गतिविधियों में संलिप्त था। क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा किए गए निरीक्षण में यह पाया गया कि अभियुक्त ने 11 महिला खाता समूहों से ग्राहकों की सहमति के बिना फर्जी तरीके से ऋण स्वीकृत कर निकासी की थी।


साथ ही, अभियुक्त द्वारा STDR (विशेष सावधि जमा) खातों से भी फर्जी निकासी की गई थी। इसके लिए उसने ग्राहकों की पहचान संख्या (ID) का दुरुपयोग करते हुए उन्हीं के नाम से दूसरा बचत खाता खोल लिया, फिर STDR राशि को उसमें ट्रांसफर कर स्वयं के अथवा परिचितों के खातों में स्थानांतरित कर कैश निकासी कर ली। कुछ मामलों में ग्राहकों की सहमति के बिना सीधे बैंक से नकद निकासी भी की गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त द्वारा कुल ₹6,03,34,245 (छह करोड़ तीन लाख चौंतीस हजार दो सौ पैंतालीस रुपये) का गबन किया गया था। इसमें से अभियुक्त ने बैंक को ₹4,66,89,942 (चार करोड़ छियासठ लाख नवासी हजार नौ सौ बयालिस रुपये) की राशि वापस कर दी है।


कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद एस. मो. याकुब के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा कांड के प्रत्येक पहलू पर गहन अनुसंधान करते हुए मुख्य अभियुक्त मनोज कुमार सिंह को दिनांक 16.10.2025 को सासाराम (बिहार) से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। एसआईटी में बिनोद राम, अंचल निरीक्षक, अफजल अंसारी थाना प्रभारी हैदरनगर, मुकेश कुमार हुसैनाबाद थाना, सोनू कुमार प्रभारी दंगवार ओपी,रमण यादव हुसैनाबाद थाना, कालिका राम हुसैनाबाद थाना,सिंगराय हेम्ब्रम महिला थाना हुसैनाबाद शामिल थे।

Tags - Jharkhand JRG Bank Hussainabad Branch Manager Manoj Kumar Singh arrested fraud of Rs 6 crore