logo

दुमका में मैट्रिक परीक्षा की सैकड़ों कॉपियों में लगी आग, साजिश के तहत आग लगाने की आशंका 

JAC_OFFICE1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा ली गई मैट्रिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं जलने की बड़ी घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि करीब 800 से 900 कॉपियां जल गई हैं, जिनमें से 200 से 250 पूरी तरह से राख हो गईं, जबकि बाकी कॉपियां आंशिक रूप से जली हैं। जली हुई उत्तर पुस्तिकाएं पहले ही जांची जा चुकी थीं और उन्हें एक अलग कमरे में रखा गया था। वहीं, जिन कॉपियों की जांच बाकी थी, वे दूसरे कमरे में थीं। 

प्रारंभिक जांच में यह साजिश लग रही है। जानकारी के अनुसार, स्कूल के पीछे लोहे की खिड़की से मोबिल या डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थ को अंदर डाला गया। साथ ही, प्लास्टिक जैसे सामग्री से आग सुलगाई गई, ताकि धीरे-धीरे कॉपियां जल जाएं। यह मामला श्रीरामकृष्ण आश्रम प्लस टू उच्च विद्यालय, दुमका का है, जो 4 मूल्यांकन केंद्रों में से एक था। शुक्रवार देर रात करीब 2:08 बजे स्कूल के एक कमरे में आग लगने की सूचना मिली। स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रियंका कुमारी ने आग लगने की सूचना जिला शिक्षा पदाधिकारी भूतनाथ रजवार को दी। इसके बाद थाना प्रभारी, डीईओ और अन्य शिक्षक भी मौके पर पहुंचे। तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था। 

घटना को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस साजिश के पीछे की सच्चाई सामने लायी जाएगी। फिलहाल जैक और जिला प्रशासन दोनों इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई में जुटे हैं।

Tags - Jharkhand News Dumka News Dumka Latest News JAC Matric Exam Fire in the copies