द फॉलोअप डेस्क
जनता दोमुहे नेताओं को पहचान चुकी है। अब जुबां पर हे राम और मन में नाथूराम नहीं चलेगा। ये बातें आज गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कही। झारखंड सरकार के प्रतिनिधि के रूप में मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने भारी बर्फबारी के बीच भारत जोड़ो यात्रा के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा चलाकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोलने की ये ऐतिहासिक कोशिश है।

चारों तरफ़ नफ़रत और डर का माहौल है- मिथिलेश
मंत्री मिथिलेश ने कहा की आज जब केंद्र में भाजपा की सरकार देश भर में हर घर को बांटने पर अमादा है, चारों तरफ़ नफ़रत और डर का माहौल है, ऐसे में राहुल गांधी इस यात्रा की मदद से विपक्ष के सभी दलों, नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए एक प्रेरक बन कर उभरे हैं। मंत्री ने कहा कि हम केंद्र सरकार की उस फितरत का विरोध करते हैं जिसके तहत केंद्र सरकार रिमोट कंट्रोल से राज्य की सरकारों को गलत तरीके से नियंत्रित करने का दुस्साहस करती है। मेरा मानना है कि जम्मू कश्मीर में लोगों का भरोसा लोकतांत्रिक संस्थाओं पर तभी आ सकेगा जब यहां चुनाव कराए जा सकें। यहां के स्थानीय लोग खुद अपने मतों से अपने बीच के प्रतिनिधि चुन सकें। मंत्री ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का यह कदम बहुत ही साहसिक एवं ऐतिहासिक है। इसका लाभ देश को मिलेगा।
