द फॉलोअप, रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को 7 वर्षीय तैराक इशांक सिंह को 5 लाख रुपये का चेक और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इशांक सिंह ने 30 अप्रैल को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरकर भारत और श्रीलंका के बीच स्थित पाल्क स्ट्रेट को पार करते हुए विश्व रिकॉर्ड बनाया था। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इशांक की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में इशांक सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में इशांक ने देश और दुनिया में झारखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि तैराकी के क्षेत्र में इशांक की सफलता पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है और उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा दे रही सरकार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि झारखंड में बेहतर खेल नीति लागू की गई है, जिसका लाभ खिलाड़ियों को मिल रहा है। सरकार द्वारा खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आने वाले दिनों में तैराकी प्रशिक्षण और उससे जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में तैराकी प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खेल विभाग के अधिकारियों से राज्य में तैराकी से जुड़ी वर्तमान व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी भी ली।

माता-पिता और कोच भी हुए सम्मानित
कार्यक्रम में इशांक सिंह के माता-पिता और उनके कोच को भी सम्मानित किया गया। मौके पर पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इशांक सिंह भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड का गौरव बढ़ाते रहेंगे।