logo

हेमंत सोरेन ने अलका तिवारी को दी विदाई, अविनाश कुमार को शुभकामना

cs-b1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
छुट्टी के दिन मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव अलका तिवारी के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस विदाई समारोह में विशेष रूप से उपस्थित हुए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अलका तिवारी को विदाई दी और नये मुख्य सचिव अविनाश कुमार को शुभककामनाएं दी। मालूम हो कि आज अलका तिवारी की मुख्य सचिव पद पर रहते हुए अंतिम कार्य दिवस था।  इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि निवर्तमान मुख्य सचिव  अलका तिवारी ने अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर  प्रशासनिक क्षमता का परिचय देते हुए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन से राज्य सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में मदद मिली है। मुख्यमंत्री ने उनके सेवा काल की सराहना करते हुए कहा कि तिवारी ने सदैव ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य किया। उन्होंने राज्य प्रशासन को एक नई दिशा दी और प्रशासनिक परंपराओं को मजबूती दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की कि आगे भी वे अपने अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को लाभान्वित करती रहेंगी।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मुख्य सचिव  अविनाश कुमार को पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अविनाश कुमार की कार्यकुशलता, दूरदर्शिता एवं प्रशासनिक अनुभव से राज्य प्रशासन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा राज्य सरकार की विकास की योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी आएगी।

विदाई समारोह में राज्य के लगभग एक दर्जन सीनियर आईएएस अफसर शामिल हुए। उनमें अजय कुमार सिंह, वंदना डाडेल, मस्त राम मीणा, सुनील कुमार, राहुल पुरवार, पूजा सिंघल व अन्य प्रमुख थे। इसके अलावा कैबिनेट और कार्मिक के भी कई अधिकारी और कर्मचारी विदाई समारोह में शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और अपर मुख्य स्थानिक आयुक्त दिल्ली का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।


 

Tags - Jharkhand Hemant Soren Avinash Kumar Alka Tiwari Chief Secretary