रांची:
jharkhand Weather Update: झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने वाला है। बंगाल की खाड़ी में तेजी से विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर राज्य में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर से रांची समेत राज्य के कई जिलों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को इसका सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई जिलों में गर्जन के साथ भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।

19 नवंबर से दिखेगा चक्रवात का असर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिण और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान लगातार ताकतवर हो रहा है। इसके 18 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है। 20 नवंबर की दोपहर इसके आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच टकराने का अनुमान है। इसके बाद तूफान की गति कमजोर हो सकती है। हालांकि, इसके साथ आने वाली नमी का प्रभाव ओडिशा होते हुए झारखंड तक पहुंचने की संभावना है। 19 नवंबर को रांची समेत कई इलाकों में सुबह कुहासा छाने के बाद आसमान में आंशिक बादल रहेंगे। दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बाद 20 नवंबर से बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है।
रांची समेत 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 नवंबर को चक्रवात का प्रभाव झारखंड में अधिक रहेगा। इस दौरान रांची, लातेहार, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में सुबह कुहासा छाने के साथ दिनभर आसमान में बादल रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। चक्रवात के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे बारिश की स्थिति बनेगी। लगातार बादल छाए रहने और बारिश होने के कारण दिन के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे लोगों को दिन में भी ठंड और सिहरन महसूस हो सकती है।
22 नवंबर के बाद कमजोर पड़ेगा चक्रवाती सिस्टम
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, 22 और 23 नवंबर तक चक्रवाती सिस्टम के कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां कम होंगी और 24 नवंबर से आसमान साफ होने लगेगा। हालांकि, सुबह के समय कुहासा छाए रहने का सिलसिला जारी रह सकता है। आसमान साफ होने के बाद रात के तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में हवा की गति बढ़ सकती है। मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है। अगले कुछ दिनों तक सुबह कुहासा और दिन में बादल रहने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है। वहीं, बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से दिन में भी ठंड का एहसास बढ़ेगा।