द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के चान्हो थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रविवार को ट्यूशन पढ़ने के बाद घूमने निकली छात्रा के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया, जबकि उसकी सहेली के साथ छेड़खानी की गई। घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर चान्हो थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।

सहेली और उसके भाई के साथ घूमने गई थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय छात्रा ट्यूशन पढ़ने के बाद अपनी एक सहेली और उसके भाई के साथ घूमने निकली थी। उनके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। इसी दौरान आरोप है कि दो युवकों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। वहीं, उसकी सहेली के साथ छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर थाने पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि 16 वर्षीय छात्रा अपनी सहेली और उसके भाई के साथ ट्यूशन पढ़ने के बाद घूमने गई थी। इसी दौरान छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसकी सहेली के साथ छेड़खानी की घटना हुई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।