द फॉलोअप डेस्कः
आज से फरवरी महीने की शुरुआत हो गई है। आज से ही गर्मी महसूस होने लगी है। तीखी धूप भी लगने लगी है। इसलिए झारखंड के सभी जिलों में तापमान में बढ़ोतरी जारी है। चतरा को छोड़कर सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है। बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो शुक्रवार को चतरा का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे अधिक तापमान सरायकेला का 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से बारिश और बर्फबारी फिर से शुरू हो गई है। अगले 4 से 5 दिनों के अंदर झारखंड पर इसका आंशिक असर पड़ सकता है।
मौसम में बदलाव होने से रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। अगले दो-तीन दिनों तक रांची के तापमान में और 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार आनेवाले चार-पांच दिनों में मौसम शुष्क रहेगा। कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि, उन बादलों से वर्षा नहीं होगी।