logo

झारखंड को डराने लगी गर्मी, कई जिलों में पारा 30 पार; 30 मार्च को आएगा ये बदलाव

temp2.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
होली का त्योहार खत्म हो गया है। अब मौसम बदलने वाला है। गर्मी चढ़ने वाली है। मौसम विभाग की मानें, तो झारखंड में अधिकतम तापमान 5 डिग्री तक बढ़ने वाला है, जिसके बाद लोगों को चिलचिलाती गर्मी का एहसास होगा। अब अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने का अनुमान रांची स्थित मौसम केंद्र ने जताया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 5 दिन के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। 


अगले 5 दिन तक कैसा रहेगा झारखंड का मौसम
अगले 5-6 दिन के मौसम की बात करें, तो 29 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा। इसी दिन नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसका असर पश्चिमी हिमालय में देखा जाएगा। इसका असर झारखंड पर भी पड़ सकता है। 30 मार्च 2024 को झारखंड के दक्षिणी तथा उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। 31 मार्च को भी झारखंड के दक्षिणी हिस्से में कुछ जगहों पर वर्षा हो सकती है। फिर 1 अप्रैल से झारखंड का मौसम साफ हो जाएगा। 


कहां कितना रहा तापमान 
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक उच्चतम तापमान डालटेनगंज में और सबसे कम न्यूनतम तापमान लोहरदगा में रिकॉर्ड किया गया। डालटेनगंज का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री, तो लोहरदगा का 16.5 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया। मंगलवार (26 मार्च) को रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड किया गया, जबकि जमशेदपुर का उच्चतम तापमान 37.2 डिग्री, डालटेनगंज का 37.4 डिग्री, चाईबासा का 36.8 डिग्री और बोकारो का 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा. बोकारो को छोड़ सभी जिलों का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।