logo

स्वच्छता में झारखंड का सिरमौर बना जमशेदपुर, राष्ट्रपति के हाथों मिला राष्ट्रीय सम्मान

स्वच्छता में झारखंड का सिरमौर बना जमशेदपुर, राष्ट्रपति के हाथों मिला राष्ट्रीय सम्मान

जमशेदपुर:

जमशेदपुर ने स्वच्छता के राष्ट्रीय मानचित्र पर एक बार फिर अपनी मजबूत पहचान दर्ज करायी है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में झारखंड का सबसे स्वच्छ शहर बनने का गौरव हासिल करने वाले जमशेदपुर को बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में मिले इस सम्मान ने न केवल लौहनगरी का मान बढ़ाया, बल्कि पूरे झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। 

सामूहिक प्रयासों और वर्षों की प्रतिबद्धता का परिणाम
राष्ट्रपति के हाथों मिला यह सम्मान जमशेदपुर के लिए महज एक पुरस्कार नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों और वर्षों की प्रतिबद्धता की राष्ट्रीय स्तर पर मिली स्वीकृति है। झारखंड के सबसे स्वच्छ शहर का गौरव हासिल करने के साथ जमशेदपुर ने राज्य में शहरी स्वच्छता और पर्यावरणीय स्थिरता के लिए एक नया मानदंड भी स्थापित किया है। दरअसल, शहर की इस उपलब्धि के पीछे वर्षों से विकसित की गयी सफाई व्यवस्था, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन, तकनीक के इस्तेमाल और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की अहम भूमिका रही है। जमशेदपुर को यह उपलब्धि एक दिन के अभियान या किसी तात्कालिक प्रयास से नहीं मिली है।

घर-घर कचरा संग्रहण से लेकर उसके वैज्ञानिक प्रसंस्करण तक पूरी व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाने की दिशा में काम किया गया। कचरे को उसके स्रोत पर ही अलग-अलग करने, सड़कों और नालों की नियमित सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा नगर ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। 

जमशेदपुर को स्वच्छ बनाने में तकनीक का सहारा
कचरा संग्रहण और परिवहन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जीपीएस सक्षम वाहनों की तैनाती, क्यूआर कोड आधारित निगरानी और जीआईएस आधारित सेवा मॉनिटरिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। वहीं, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी के विकास, कंपोस्टिंग और बायोमीथेनेशन सुविधाओं की स्थापना तथा पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण ने अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद की।

कचरा उत्पादन कम करने और री-साइक्लिंग पर जोर
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को केवल कचरा उठाने और सड़कों की सफाई तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि कचरे के उत्पादन को कम करने और उसके दोबारा उपयोग पर भी जोर दिया गया। इसके लिए रिड्यूस, रियूज और रिसाइकिल यानी 3-आर सिद्धांत तथा सर्कुलर इकोनॉमी की अवधारणा को बढ़ावा दिया गया। बड़े कचरा उत्पादकों को भी अपने अपशिष्ट के जिम्मेदार प्रबंधन के लिए प्रोत्साहित किया गया। स्कूलों, आवासीय सोसायटियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सामुदायिक संगठनों की भागीदारी से स्वच्छता को जनअभियान बनाने का प्रयास हुआ। जागरूकता कार्यक्रमों और व्यवहार परिवर्तन संबंधी अभियानों ने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और निभाने के लिए प्रेरित किया।

टाटा की कार्यसंस्कृति और मूल्यों से जुड़ी व्यवस्था
इस पूरी व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी वे स्वच्छता मित्र हैं, जो हर दिन शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने में जुटे रहते हैं। उनकी मेहनत, सफाई टीमों का अनुशासन, तकनीक आधारित निगरानी और संस्थागत प्रतिबद्धता ने इस उपलब्धि की नींव तैयार की है। जमशेदपुर की स्वच्छता यात्रा टाटा स्टील यूआईएसएल, नागरिक प्रशासन, शहरवासियों और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय का भी परिणाम है। टाटा की कार्यसंस्कृति और मूल्यों से जुड़ी इस व्यवस्था में नागरिक सहभागिता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।

ऐसे में हालांकि, इस उपलब्धि को बरकरार रखने की चुनौती अब और बड़ी है। स्वच्छता को केवल सर्वेक्षण और पुरस्कार तक सीमित रखने के बजाय इसे शहर की स्थायी जीवनशैली बनाना ही इस सम्मान की वास्तविक सार्थकता होगी।

Tags - Jharkhand NewsJamshedpurCleanliness AwardPresident Draupadi Murmu