द फॉलोअप डेस्क
झारखंड से इस वर्ष पाक सफर पर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें जेद्दा उड़ान भरने के लिए कोलकाता नहीं जाना पड़ेगा। एक बार फिर से रांची से उड़ान की सुविधा मिलेगी। मतलब एक बार फिर से रांची को इस बार इंबार्केशन पॉइंट बनाया गया है। दरअसल केंद्रीय हज कमेटी की ओर से हज 2023 के लिए 25 इंबार्केशन पॉइंट बनाए गए हैं और ये हाजी की इच्छा पर निर्भर करेगा कि वह किस इंबार्केशन पॉइंट का चयन करते हैं। साथ ही अब आवेदन शुल्क भी हज यात्रियों से नहीं लिया जाएगा। पहले करीब 400 रुपए की राशि ली जाती थी। इसको लेकर झारखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष सह जामताड़ा विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने मंगलवार को हज हाउस रांची में प्रेस कांफ्रेंस किया। उन्होंने नई हज पॉलिसी 2023 की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस बार हाजियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा। हमारे हज यात्रियों को कोलकाता से फ्लाइट लेना पड़ता था। मगर अब हमारे हाजी सीधे रांची से हज के लिए फ्लाइट लेंगे। कोलकाता से बेहतर सुविधा रांची में मुहैया कराई जाएगी।


50-60 हजार रुपए की होगी बचत
रांची से उड़ान भरने के कारण हज यात्रियों को 50-60 हजार रुपए की बचत होगी। इरफान अंसारी ने कहा कि पैकेज में 50 से 60 हजार रुपए सस्ते होंगे। उन्होंने कहा कि कई निर्णय हमारी कमेटी ने लिया है जो आने वाले समय में दिखेगा। मैं जब से हज कमेटी का चेयरमैन बना हूं तो मेरा एकमात्र लक्ष्य है कि मैं कैसे अपने हज यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध करा सकूं। इन लोगों को किसी भी तरह की दिक्कत ना हो इसका खासा ध्यान रखने की जरूरत है।