logo

हज हाउस इतना बढ़िया बना, अगर इसे नहीं चलाना तो बंद कर दिजिए- इरफान अंसारी

597.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हज हाउस इतना बढ़िया बन गया है। मगर यहां कोई व्यवस्था नहीं है। मेंटनेंस का काम नहीं हो रहा। स्टॉफ नहीं है। पानी की व्यवस्था नहीं है। अगर इसे नहीं चलाना है तो बंद कर दिजिए। यह बातें गुरुवार को झारखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने कल्याण विभाग के सचिव से कही। यहां हज 2023 में यात्रियों की सुविधा व यात्रा को लेकर आयोजित बैठक में सदस्यों ने कई कमियां गिनाई। बैठक के बाद अध्यक्ष इरफान अंसारी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने कल्याण सचिव से बात की है। सचिव ने कहा कि जो भी रिक्वायरमेंट है दे दिजिए। आने वाले बजट में इसको फुटअप करेंगे, ताकि इसका रास्ता निकले।

बंगाल में हज हाउस को 9 करोड़, यहां मिलते हैं 50 लाख
समिति के चेयरमैन इरफान अंसारी ने कहा कि पाक सफर को लेकर व्यवस्थाएं करनी है। टेंट की व्यवस्था करनी है। बाहर से गेस्ट भी आते हैं। यहां एक वाहन तक नहीं है। हमें लगता है कि सरकार हमारी बात मानेगी। क्योंकि, बंगाल में हज हाउस को प्रति साल 9 करोड़ रुपए मिलते हैं। जबकि, झारखंड में महज 50 लाख रुपए मिलते हैं। ऐसे में कैसे मेंटनेंस होगा?

प्राइवेट एजेंसी से कराया जाएगा मेंटनेंस
हज समिति की बैठक में निर्णय हुआ कि वर्ष 2023 में हज पर जाने वाले हाजियों के हज हाउस में रहने, खाने आदि की व्यवस्था की जाएगी। हरसंभव उनको मदद दी जाएगी। हज हाउस भवन के मेंटनेंस के लिए किसी प्राइवेट एजेंसी या बाह्य स्त्रोत कराने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। ताकि, हज यात्रियों को हज हाउस में बिजली, पानी, साफ-सफाई, लिफ्ट, AC आदि की सारी सुविधाएं मिल सके।

आवेदन में रांची एम्बारकेशन प्वाइंट चयन करने की अपील
कडरू स्थित हज हाउस में झारखंड राज्य हज समिति की बैठक में जहां हज यात्रियों की सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। वहीं, हज यात्रियों का ऑनलाइन हज आवेदन फार्म भरवाने से संबंधित चर्चा भी हुई। समिति की ओर से हज पर जाने वाले आजमीन से अपील की गई कि वे आवेदन में रांची एम्बारकेशन प्वाइंट का चयन करें। मालूम हो कि हज आवेदन फॉर्म भरने का अंतिम तिथि 10 मार्च 2023 निर्धारित है।  बैठक में प्रस्थान से पूर्व हज हाउस में राज्यस्तरीय हज प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करने का भी निर्णय लिया गया। मौके पर डॉ. सरफराज अहमद विधायक सह सदस्य राज्य हज समिति, सदस्य गयासुद्दीन सिद्धीकी, शेख बदरुद्दीन, मोहम्मद मनीर आलम और मो. इकबाल आलम आदि उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT