द फॉलोअप डेस्कः
गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थानाक्षेत्र के सोहरी नदी के पास से 26 फरवरी को एक किशोरी का शव बरामद किया गया था। इस मामले से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। दो आरोपी गिरफ्तार भी हो चुके हैं। दरअसल दोनों युवक किशोरी के साथ रेप करना चाहते थे। जब बच्ची ने विरोध किया तो गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गये। किशोरी बलबड्डा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वह अपनी नानी के घर पोड़ैयाहाट में रह रही थी। पुलिस ने मामले में लड़की की मां का बयान लिया था।
पहले से ही गलत नजर थी
जांच में पुलिस को पता चला कि पोड़ैयाहाट थाना के गढ़नीच निवासी बिपिन पासवान और उमेश सिंह की लड़की पर पहले से गंदी नजर थी। बच्ची उस दिन हाट करने गई थी। तभी दोनों उसका पीछा कर रहे थे। हाट से लौटते वक्त लड़की सुनसान सोहरी नदी के पास पहुंची तो दोनों उसके साथ जबरदस्ती करने लगे। जिसके बाद लड़की विरोध करने लगी। इसके बाद लड़की की दोनों युवकों ने गला दबाकर हत्या कर दी और वहां से फरार हो गए।
आरोपियों ने स्वीकारा जुर्म
यह पूरी जानकारी एसडीपीओ जेपीएन चौधरी ने दी है। उन्होंने बताया कि युवकों ने पुलिस की पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद हुआ है। घटना के उद्भेदन में डीएसपी बिनेश लाल, प्रशिक्षु डीएसपी कुमार गौरव और पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी बिपिन यादव शामिल थे।