logo

दीपिका पांडेय का सांसद निशिकांत पर तीखा हमला, कहा- सासंद के बयान ने बीजेपी की सोच उजागर कर दी 

dipika6.jpg

गोड्डा

कांग्रेस नेत्री और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के एक हालिया बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दुबे पर देश की सर्वोच्च अदालत और न्यायपालिका की गरिमा को ठेस पहुँचाने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका बयान न सिर्फ संविधान का अपमान है, बल्कि यह भारत की न्याय व्यवस्था को ‘जेब में डालने’ की बीजेपी की मंशा का खुला प्रदर्शन है। दीपिका पांडेय ने कहा, “गोड्डा की जनता निशिकांत दुबे को अच्छी तरह जानती है — सत्ता के नशे में चूर और अहंकार में डूबे हुए। लेकिन अब उन्होंने जो ज़हर देश की सर्वोच्च अदालत और माननीय जजों के खिलाफ उगला है, उसने पूरी दुनिया के सामने बीजेपी की असली सोच उजागर कर दी है।”
उन्होंने सांसद द्वारा ‘गृहयुद्ध’ जैसे शब्द के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे “शर्मनाक” और “तानाशाही मानसिकता” की मिसाल बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट के फैसले बीजेपी के पक्ष में होते हैं तो उसे महान बताया जाता है, लेकिन जब वही न्यायपालिका आम जनता और संविधान के पक्ष में खड़ी होती है, तो उसे धमकाया जाता है।


दीपिका ने सवाल उठाया कि क्या निशिकांत दुबे का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शह पर दिया गया है? उन्होंने कहा, “अगर नहीं, तो प्रधानमंत्री को सामने आकर देश को बताना चाहिए कि सरकार का इस पर क्या रुख है। और अगर हां — तो फिर ये देश का हक बनता है जानना कि क्या अब न्यायपालिका भी बीजेपी के लिए ‘दुश्मन’ बन चुकी है।” उन्होंने निशिकांत दुबे के खिलाफ “संविधान और लोकतंत्र के अनुरूप कड़ी कानूनी कार्रवाई” की मांग करते हुए कहा कि न्यायपालिका पर हमला, दरअसल देश पर हमला है — और देश अब चुप नहीं बैठेगा।
यह बयान ऐसे वक्त आया है जब न्यायपालिका की स्वतंत्रता को लेकर देशभर में बहस छिड़ी हुई है। कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने सुप्रीम कोर्ट की स्वायत्तता को अक्षुण्ण बनाए रखने की अपील की है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest