गिरिडीह/बिरनी
बिरनी प्रखंड के पंदनाकला गांव में मंगलवार को लापरवाही की वजह से एक मासूम की जान चली गई। महज 10 साल का आनंद यादव डोभा में डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक आनंद, विशन यादव का पुत्र था। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, आनंद जामुन तोड़ने खेत की ओर गया था। खेत के पास ही एक पोल्ट्री फॉर्म है, जिसे संचालित करने वाले निखिल बंसल ने वहीं एक गहरा डोभा खुदवाया था। लेकिन डोभा के चारों ओर न तो कोई सुरक्षा घेरा बनाया गया था और न ही चेतावनी का कोई संकेतक लगाया गया था। खेलते-खेलते आनंद का पांव फिसला और वह डोभा में जा गिरा। डोभा में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गया।

जब तक आस-पास के लोग वहां पहुंचे और बच्चे को बाहर निकाला, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे प्रमुख रामू बैठा, मुखिया मुकेश यादव, पूर्व प्रमुख सीताराम सिंह, माला नेता इम्तियाज अंसारी, सूरज मोदी, मुंशी विश्वकर्मा समेत कई सामाजिक व जनप्रतिनिधि। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
