logo

गिरिडीह के स्कूल से 11 कंप्यूटर सेट चोरी मामले का खुलासा, 11 मॉनिटर; 5 CPU समेत सामान बरामद

गिरिडीह के स्कूल से 11 कंप्यूटर सेट चोरी मामले का खुलासा, 11 मॉनिटर; 5 CPU समेत सामान बरामद

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के धरगुल्ली स्थित माउंट जिरासो वनस्थली विद्यापीठ विद्यालय से कंप्यूटर उपकरणों की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने धरगुल्ली निवासी दो आरोपियों राजेश साव और योगेंद्र साव को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर चोरी किए गए कंप्यूटर उपकरण भी बरामद कर लिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, बीते 3 नवंबर की रात चोरों ने विद्यालय परिसर को निशाना बनाया था। इस दौरान वहां से 11 कंप्यूटर सेट समेत कई उपकरण चोरी कर लिए गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद बगोदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।


सामान बेचने ले जा रहे थे आरोपी, रास्ते में गिरा योगेंद्र
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वारदात के बाद चोरी किए गए उपकरणों को बेचने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान योगेंद्र साव रास्ते में गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने चोरी का सामान वापस धरगुल्ली लाकर विद्यालय परिसर में ही झाड़ियों के बीच छिपा दिया। पुलिस की जांच के दौरान दोनों आरोपियों तक पहुंचने के बाद उनसे पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखे गए कंप्यूटर उपकरण बरामद किए गए। इस कार्रवाई से विद्यालय से चोरी हुए सामान का बड़ा हिस्सा पुलिस के हाथ लगा है।


11 मॉनिटर और 5 सीपीयू समेत उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 11 मॉनिटर, 5 सीपीयू, 7 की-बोर्ड, एक प्रिंटर और कंप्यूटर के 16 कनेक्शन केबल बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के उपकरणों की बरामदगी के बाद अब पुलिस की कोशिश गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने की है।

Tags - Giridih News Jharkhand Police School Theft Crime News Computer Theft Giridih School Theft