logo

किशोरी को भगाकर ले गया था युवक, फिर हुई संदिग्ध मौत; चोरी-छिपे दफनाने की थी तैयारी, 4 हिरासत में

किशोरी को भगाकर ले गया था युवक, फिर हुई संदिग्ध मौत; चोरी-छिपे दफनाने की थी तैयारी, 4 हिरासत में

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय थाना क्षेत्र के बरदौनी गांव में एक नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोरी की मौत के बाद उसके मायके पक्ष को सूचना दिए बिना ही शव को जंगल में दफनाने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को दफनाने से रोक दिया। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, मृतका के परिजनों ने किशोरी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की पहचान लोकाय थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, करीब एक साल पहले दीपावली के दौरान बरदौनी गांव निवासी रति मुर्मू कथित तौर पर किशोरी को भगाकर अपने घर ले गया था। उस समय पीड़ित परिवार ने स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि तालो हेमब्रम से न्याय की गुहार लगाई थी। परिजनों का कहना है कि पंचायत के माध्यम से मामले का समाधान कराने और उनकी बेटी को वापस लाने का भरोसा दिया गया था। इसी आश्वासन पर उन्होंने उस समय थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

मौत के बाद मायके पक्ष को नहीं दी गई सूचना, भड़ेसर पहाड़ के पास दफनाने की थी तैयारी

मंगलवार को किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उसकी मौत के बाद माता-पिता और मुखिया प्रतिनिधि की मौजूदगी में मायके पक्ष को जानकारी दिए बिना शव को भड़ेसर पहाड़ के समीप जंगल में दफनाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने फोन कर मृतका के परिजनों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन हरकत में आए और तत्काल लोकाय थाना पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर दफनाने की प्रक्रिया रुकवा दी। पुलिस ने मौके पर मौजूद चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इधर, मृतका के चचेरे भाई ने मुखिया प्रतिनिधि तालो हेमब्रम पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब करीब एक साल पहले किशोरी को भगाकर ले जाने का मामला सामने आया था, तब मुखिया प्रतिनिधि से न्याय की उम्मीद की गई थी, लेकिन उन्होंने पीड़ित परिवार का साथ देने के बजाय आरोपी पक्ष का समर्थन किया।

न्याय की मांग को लेकर देर रात थाना गेट का घेराव, सड़क जाम की चेतावनी

किशोरी की संदिग्ध मौत और शव को चोरी-छिपे दफनाने की तैयारी की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित परिजनों ने देर रात लोकाय थाना पहुंचकर मुख्य गेट का घेराव किया और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। मृतका के पिता ने कहा कि उनकी बेटी नाबालिग थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि परिवार को न्याय नहीं मिला तो वे सड़क जाम करने के लिए बाध्य होंगे। दूसरी ओर, मुखिया प्रतिनिधि तालो हेमब्रम ने फोन पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह बरदौनी गांव के फुटबॉल खेल मैदान में गए हुए थे। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। फिलहाल पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसकी मौत हत्या, बीमारी या किसी अन्य परिस्थिति में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस मामले में लोकाय थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। फिलहाल पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही किशोरी की मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

Tags - Giridih Crime Minor Girl Death Lokai Police Jharkhand News Police Investigation