गिरिडीह:
द फॉलोअप की खबर का असर हुआ है। गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव मधुबन थानाक्षेत्र के दालान चलकरी गांव में डबल मर्डर कांड के पीड़ितों के घर पहुंचे। इस मामले में डीसी ने संवेदनशीलता और मानवीय पहल का परिचय दिया है। डीसी रामनिवास यादव को जैसे ही जानकारी मिली है कि गांव में दंपति की हत्या कर दी गई है, वह पैदल ही अपने बॉडीगार्ड और बाकी अधिकारियों के साथ दलान चलकरी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। गौरतलब है कि पक्की सड़क नहीं होने की वजह से गांव तक वाहन नहीं पहुंच पाता।

पीड़ित परिवार की सहायता करेगा प्रशासन
उपायुक्त ने पीड़ित परिवार से मुलाकात और उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी हरसंभव सहायता करेगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मृत दंपति के बच्चों की पढ़ाई और देखभाल समेत सभी जरूरतों का खयाल रखा जाए।

बीते मंगलवार को गांव में हुई थी दंपति की हत्या
गौरतलब है कि मंगलवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परनी मरांडी पर घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया था। घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गांव तक सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को घायल महिला को करीब 150 मीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ा था।
उपायुक्त राम निवास यादव के इस मानवीय कदम की क्षेत्र में सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार किसी बड़े अधिकारी को इस तरह पैदल चलकर गांव पहुंचते देखा गया है। प्रशासन की इस पहल से पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद और सहारा मिला है।