गढ़वा
गढ़वा जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक चौकीदार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. चौकीदार पर नौकरी दिलाने की नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है. चौकीदार राजू पासवान गढ़वा थाना में कार्यरत था. राजू पर चौकीदार पद पर बहाली के नाम पर ठगी कर लोगों से लाखो रुपये लेने का आरोप है. राजू ने लोगों का भरोसा जीतने के लिए जाली भर्ती फॉर्म तैयार किया था. उसने थाना प्रभारी के नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर थाना की मुहर लगाकर नकली ज्वाइनिंग लेटर भी जारी किए.

कई लोगों को जाल में फंसाकर की ठगी
इस तरह उसने शिवा कुमार सहित नंदलाल दास, मिथिलेश कुमार, पंकज कुमार और धनंजय कुमार से अलग-अलग किस्तों में धनराशि वसूली. मामले की जानकारी मिलते ही गढ़वा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर जाली दस्तावेज और इस्तेमाल की गई मुहर भी बरामद कर ली गई है. डीएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि गढ़वा थाना कांड संख्या 249/26, दिनांक 11/04/2026 के तहत धारा 338/336(3), 336(4), 340(2), 318(4), 316(5) और 198 बीएनएस में मामला दर्ज कर इसका उद्भेदन किया गया है.
