द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा पुलिस ने पीडीएस लाभुकों के अनाज गबन के बड़े मामले में दो सरकारी पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मेराल प्रखंड के सहायक प्रबंधक दीपक चंचल और केतार प्रखंड के सहायक प्रबंधक राजीव कुमार शामिल हैं। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) के लाभुकों के बीच बांटे जाने वाले चावल और गेहूं का गबन किया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग चार करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांच में खुलासा हुआ है कि मेराल प्रखंड में करीब 2,700 क्विंटल और केतार प्रखंड में लगभग 9,000 क्विंटल अनाज का गबन किया गया था। यानी कुल मिलाकर करीब 12,000 क्विंटल अनाज सरकारी गोदामों से गायब पाया गया। गढ़वा जैसे अति पिछड़े जिले में इतनी बड़ी मात्रा में अनाज का गायब होना एक बड़े षड्यंत्र की ओर इशारा करता है। प्राथमिक जांच में यह भी संदेह जताया जा रहा है कि इस गबन में अन्य अधिकारियों की भी मिलीभगत हो सकती है।
पुलिस अधीक्षक दीपक पांडेय ने बताया कि दोनों सहायक प्रबंधकों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गबन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला फिलहाल पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
.jpeg)