logo

सस्ती लोकप्रियता के लिए जनता के बीच सिर्फ झूठ परोसते रहते हैं गढ़वा विधायक : झामुमो

ुदीी.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। झामुमो नेताओं ने रंका-गढ़वा के विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी पर विकास कार्यों की अनदेखी और भ्रामक बयान देने का आरोप लगाया है। बुधवार को झामुमो जिलाध्यक्ष शंभु राम ने पूर्व मंत्री एवं पार्टी के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर प्रेस वार्ता कर विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति का अध्ययन नहीं करते और बिना जानकारी के बयान देकर जनता को गुमराह करते हैं।


झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि विधायक लगातार ऐसे बयान देते हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं। उनका कहना था कि नगर परिषद, गढ़वा के कार्यालय निर्माण को लेकर भी विधायक बिना तथ्यों के बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि संबंधित भूमि को विधिवत प्रक्रिया के तहत नगर विकास एवं आवास विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। नेताओं ने यह भी कहा कि विधायक ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया था, लेकिन सरकार के जवाब को जनता के सामने नहीं रखा। साथ ही यह आरोप भी लगाया गया कि विधायक विकास कार्यों में अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं और इससे क्षेत्र में भ्रम की स्थिति बन रही है। झामुमो की ओर से विधायक से अपील की गई कि किसी भी मुद्दे पर बोलने से पहले तथ्यों की जानकारी लें, ताकि जनता के बीच गलत संदेश न जाए। प्रेस वार्ता में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।


मौके पर मुख्य रूप से सचिव शरीफ अंसारी, केंद्रीय सदस्य नितेश सिंह, जवाहर पासवान, तनवीर आलम मनोज ठाकुर, रेखा चौबे, असर्फी राम, फुजैल अहमद, प्रवक्ता सुजीत चंद्रवंशी, गुलाम हुसैन, अराधना सिंह, रेखा पाठक, प्रियम सिंह, हरिओम यादव, धनंजय पासवान, दिलीप गुप्ता आदि लोग उपस्थित थे।