मेदिनीनगर
स्वस्थ समाज और सुरक्षित खाद्य प्रणाली की दिशा में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान बाजार में उपलब्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और मिलावट की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान के तहत बाईपास रोड हाउसिंग कॉलोनी स्थित कई प्रतिष्ठानों की जांच हुई। इनमें रोहन चाव, आर.एन. फूड प्वाइंट एंड रेस्ट हाउस, लकी भोजनालय और राज बिरियानी शामिल थे।

निरीक्षण में रोहन चाव फैक्ट्री में गंदगी और खाद्य सुरक्षा अधिनियम का उल्लंघन पाया गया। इसके चलते फैक्ट्री का निबंधन रद्द कर दिया गया और सुधार होने तक उत्पादन बंद करने का आदेश दिया गया। आर.एन. फूड प्वाइंट एंड रेस्ट हाउस में स्वच्छता की कमी और खराब रख-रखाव के कारण 2000 रुपये जुर्माना लगाया गया। साथ ही, पनीर का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। लकी भोजनालय और राज बिरियानी को भी सुधार के निर्देश दिए गए।
