द फॉलोअप, जामताड़ा:
Political News: पूर्व कृषि मंत्री और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह (BJP state spokesperson Randhir Singh) ने शरणार्थियों, घुसपैठ, बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) की सुरक्षा, राज्य की कानून-व्यवस्था और रोजगार सहित कई अहम मुद्दों को लेकर राज्य सरकार (Jharkhand Government) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत में यदि कोई विदेशी हिंदू आता है, तो भाजपा और देश के लोग उसे यहां शरण देंगे। उन्होंने ऐतिहासिक आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि विभाजन के समय पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी लगभग 21 प्रतिशत थी, जो आज घटकर एक प्रतिशत से भी नीचे आ गई है, क्योंकि वहां हिंदुओं को प्रताड़ित कर भगाया गया। उन्होंने सवाल किया कि क्या भारत में कभी मुसलमानों को भगाया गया? बांग्लादेश की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि वहां हिंदुओं पर अत्याचार और हत्याएं हो रही हैं। कुछ दिन पहले ही सैकड़ों हिंदुओं के घरों को जला दिया गया और एक हिंदू को खुलेआम जला दिया गया। ऐसे हालात में यदि वहां से हिंदू भागकर भारत आते हैं, तो क्या उन्हें यहां जगह नहीं मिलनी चाहिए। रणधीर सिंह ने कहा कि 1947 में देश का विभाजन हुआ था। वहां भी हिंदुओं को समान अधिकार मिलने चाहिए थे, लेकिन वहां शरिया कानून लागू कर दिया गया और संविधान (Constitution) की जगह कट्टरता हावी है।

बाबूलाल मरांडी को खरोंच भी आई तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो भी पाकिस्तानी या बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठिए (Intruders) अवैध रूप से यहां आए हैं, उन्हें बाहर निकाला जाएगा, जबकि प्रताड़ित हिंदुओं को शरण दी जाएगी। रणधीर सिंह ने तंज लहजे में कहा कि इसके लिए किसी मंत्री के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। रणधीर सिंह ने आगे कहा कि राज्य सरकार नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की लोकप्रियता से घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष होने के बावजूद उनकी सुरक्षा में कटौती की जा रही है और उन्हें सही वाहन जैसी सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं। यह सरकार की बौखलाहट को दर्शाता है। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बाबूलाल मरांडी को खरोंच भी आई, तो भाजपा (BJP) चुप नहीं बैठेगी और हेमंत सरकार की ईंट से ईंट बजा देगी। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी कोई सामान्य नेता नहीं, बल्कि झारखंड का भविष्य हैं। राज्य सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए रणधीर सिंह ने कहा कि हेमंत सोरेन (Hemant Soren) लंबे समय तक राज्य की सत्ता संभाली, लेकिन विकास के दावे जमीनी हकीकत से दूर हैं। सत्ता में आने से पहले हर साल पांच लाख नौकरियां देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार को यह बताना चाहिए कि बीते वर्षों में कितने युवाओं को रोजगार मिला।

परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल
उन्होंने सीजीएल (CGL) सहित अन्य परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि परिणाम बेचकर नौकरियां दी गईं। ताड़ी बेचने वालों को सिपाही बनाने, बेरोजगारी भत्ता देने और विधवा, वृद्धा व दिव्यांग पेंशन को ढाई हजार रुपये करने जैसे वादों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक हजार रुपये की पेंशन भी कई महीनों से बकाया है और लोग कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। छात्रों को छात्रवृत्ति न मिलने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने सरकार को विफल बताया। विधानसभा में एमएमडीआर (MMDR) के विरोध में पारित प्रस्ताव को रणधीर सिंह ने संवैधानिक और न्यायिक रूप से असंगत बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून केंद्र सरकार ने पूरे देश के हित में बनाया है। झामुमो और कांग्रेस (JMM and Congress) के सांसदों को लोकसभा में इस विषय पर चर्चा और विरोध करना चाहिए था, लेकिन वहां चुप्पी साधने के बाद विधानसभा में प्रस्ताव लाकर केवल जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के नेतृत्व में बना यह कानून देश और आम लोगों के हित में लाभकारी साबित होगा।