पाकुड़:
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने पाकुड़ में विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पूर्व मंत्री ने पूजा समितियों को जरूरी निर्देश देते हुए कहा कि व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा में कमी ना हो। उन्होंने कहा कि पाकुड़ नगर क्षेत्र में उन सभी जलाशयों की सफाई होनी चाहिए, जहां छठ मनाया जाता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को भी व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। आलमगीर आलम ने छठ पूजा समितियों से कहा कि कहीं कोई परेशानी हो तो उन्हें सीधा फोन कर सकते हैं।
आलमगीर आलम ने कहा कि वह वर्षों से छठ घाटों पर सुविधाओं का जायजा लेते रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

समस्या के समाधान की तत्काल पहल होगी
आलमगीर आलम ने कहा कि सूचना मिलते ही समस्या के समाधान के लिए तत्काल पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे हैं। श्रद्धालुओं को सुविधा मिले, यह उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं। मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सरकार, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष साइन प्रवेश, मीडिया प्रभारी प्यारौल इस्लाम, प्रखंड अध्यक्ष मांसारुल हक समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया छठ महापर्व
गौरतलब है कि लोक आस्था का महापर्व छठ, आज नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। शनिवार को खरना होगा। रात को गुड़ वाली खीर खाई जायेगी और इसके बाद छठ व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत पर चली जाएंगी। रविवार की शाम को पहला अर्घ्य दिया जायेगा, वहीं सोमवार को सुबह दूसरा अर्घ्य डालने के साथ ही छठ महापर्व का समापन हो जायेगा।